दीदी मां मंदाकिनी के सानिध्य में आयोजन 7 जनवरी से

अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थित रामलला के मंदिर में प्रभु श्रीराम के विराजमान होने के उपलक्ष्य में शहर के संगम नगर, स्कीम 51 में 7 से 11 जनवरी तक प्राणाम्बरा माताजी मंदिर समिति के तत्वावधान में माता मंदिर बगीचे में युग तुलसी रामकिंकर महाराज की उत्तराधिकारी, रामायणम अयोध्या की प्रमुख एवं कनक भवन की अध्यक्ष दीदी मां मंदाकिनी के श्रीमुख से श्रीराम कथा, राम नाम लेखन, राम नाम संकीर्तन तथा यज्ञ-हवन अनुष्ठान एवं दीक्षा समारोह के दिव्य आयोजन होंगे। दीदी मां मंदाकिनीजी अयोध्या से ही पधारी हैं और पिछले कई वर्षों से उनका पावन सानिध्य संगम नगर क्षेत्र के राम भक्तों को मिलता रहा है। इस बार रामलला के मंदिर की खुशी में अनेक दिव्य अनुष्ठान जोड़े गए हैं। वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल के मार्गदर्शन में शोभायात्रा के साथ इस अनूठे महोत्सव का 7 जनवरी को शुभारंभ होगा। आयोजन समिति की ओर से संयोजक अनूप जोशी एवं अरविंद गुप्ता ने बताया कि पार्षद पराग कौशल, सुरेन्द्र वाजपेयी, गोविंदसिंह पंवार एवं पं. लक्की अवस्थी के नेतृत्व में पहले दिन रविवार, 7 जनवरी को दोपहर 3 बजे संत निवास, जैन मंदिर के पास से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों महिलाएं कलश लेकर चलेंगी। उसके पश्चात माता मंदिर बगीचे में राम नाम लेखन एवं राम नाम संकीर्तन का दिव्य आयोजन होगा। 8 से 10 जनवरी तक अपरान्ह 3 से सायं 6.30 बजे तक दीदी मां के श्रीमुख से श्रीराम कथामृत की वर्षा होगी। 11 जनवरी को यज्ञ-हवन अनुष्ठान एवं दीक्षा समारोह संपन्न होगा। इससे पहले प्रतिदिन संत निवास पर सुबह 9 से 11 बजे तक दैनिक प्रार्थना, भजन, आरती एवं दर्शन के आयोजन होंगे। वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद-कनकलता गोयल, विजय-कृष्णा गोयल ने सभी भक्तों से सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर इस ऐतिहासिक प्रसंग पर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।
दीदी मां का रामायणम आश्रम भी अयोध्या में ही है और वे प्रसिद्ध कनक भवन की अध्यक्ष भी हैं। संयोग यह भी है कि जिस दिन रामलला मंदिर में विराजमान होंगे, उसी दिन 22 जनवरी को युग तुलसी राम किंकर महाराज का जन्मशती समारोह भी है। वे पिछले कई वर्षों से लगातार संगम नगर के निमंत्रण पर इंदौर आकर श्रीराम कथा का रसपान कराते आ रही हैं। वे शैक्षणिक दृष्टि से भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र में वैज्ञानिक की नौकरी छोड़कर धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की है और शिक्षा जगत में अनेक स्वर्ण पदक भी हासिल किए हैं। आयोजन की दिव्यता को देखते हुए आयोजन समिति में प्रवीण गुप्ता, प्रफुल्ल कुलश्रेष्ठ, संजय अवस्थी, पं. गणेश प्रसाद शर्मा, आचार्य अंकित व्यास, भूपेन्द्र कौशिक, राहुल लांभांते, अमित शुक्ला, अशोक गुप्ता एवं एस.के. भदौरिया शामिल किए गए हैं। संगम नगर एवं स्कीम 51 के रहवासियों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिलने से अनुष्ठान की व्यापक तैयारियां पूरे जोर-शोर से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com