कलेक्टर श्री आशीष सिंह के आदेश पर जिला औषधि भंडार का किया गया औचक निरीक्षण

कलेक्टर श्री आशीष सिंह के आदेश पर अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र रघुवंशी द्वारा जिला अस्पताल स्थित जिला औषधि भंडार का औचक निरीक्षण किया गया। जिला औषधि भंडार से जिले में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों पर मांग के आधार पर दवाईयों का वितरण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान कई दवाईयां , इंजेक्शन , सिरप, कैप्सूल एवं अन्य सामग्री एक्सपायर्ड पाई गई। साथ ही औषधियों का रख-रखाव व्यवस्थित नहीं पाया गया। औषधि कक्ष में साफ-सफाई नहीं पाई गई और धूल की परतें जमी हुई पाई गई। यह शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता का द्योतक है। एसडीएम सुश्री कल्याणी पाण्डे ने बताया कि उक्त परिस्थितियों के आधार पर जिला औषधि केंद्र के स्टोर कीपर श्री सत्यप्रकाश इंगले को मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा उनका मुख्यालय कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी इंदौर निर्धारित किया गया है। साथ ही कलेक्टर द्वारा जिला औषधि केंद्र के प्रभारी डॉ. आशुतोष शर्मा (स्टोर प्रभारी/मेडिकल अधिकारी) का निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को प्रेषित किया गया है। उक्त संबंध में विस्तृत जांच हेतु अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र रघुवंशी को निर्देशित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *