सीतलामाता बाजार का ट्रैफिक प्लान

इंदौर के सीतलामाता बाजार में ट्रैफिक की समस्या को सुलझाने के लिए व्यापारी एसोसिएशन ने कमर कस ली है। जल्द ही बाजार में बैरिकेड्स लगाने की तैयारी है, ताकि ई-रिक्शा, रिक्शा, ठेला और चार पहिया गाड़ियां बाजार में न आ सकें। यह व्यवस्था दोपहर 12:30 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी। इसके साथ ही एसोसिएशन दो गार्ड भी तैनात करेगा, जो पुलिस जवानों की मदद करेंगे। श्री सीतलामाता बाजार व्यापारी एसोसिएशन की अध्यक्ष हेमा पंजवानी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ हुई बैठक में तय किया गया कि गौराकुंड चौराहा और मारोठिया बाजार पर चार-चार बैरिकेड लगाए जाएंगे। केवल दो पहिया वाहनों को बाजार में आने दिया जाएगा। एसोसिएशन की तरफ से तैनात गार्ड ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करेंगे। एसोसिएशन बाजार में व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापारियों से बात करेगा। व्यापारियों और उनके स्टाफ की गाड़ियां यशवंत गंज स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में खड़ी करने को कहा जाएगा। इस पार्किंग का मासिक शुल्क 300 रुपए तय किया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि दुकानों के बाहर रखी डमी और अन्य वस्तुओं को व्यवस्थित करने के लिए व्यापारियों को समझाया जाएगा। यह योजना 1 फरवरी से लागू होगी। सीतला माता बाजार में करीब 450 कपड़ा दुकानें हैं। प्रदेशभर से ग्राहक यहां खरीदारी करने आते हैं। सड़क चौड़ीकरण के बाद व्यापार में तेजी आई थी, लेकिन ट्रैफिक की समस्या से ग्राहकों को परेशानी हो रही थी। एसोसिएशन का मानना है कि नई व्यवस्था से बाजार में ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा और व्यापार पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *